भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी CAG की ऑडिट रिपोर्ट 2025-26 में 249 ऑडिट रिपोर्ट मंजूर हुई हैं। यह संख्या पिछले साल की 156 रिपोर्ट से करीब 60 फीसदी ज्यादा है। CAG के ऑडिट से इस साल ₹4,251.34 करोड़ की वसूली हुई है। CAG की तरफ से शनिवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई। उप CAG ए. एम. बजाज ने चंडीगढ़ में इन आंकड़ों की जानकारी दी।
CAG ऑडिट रिपोर्ट 2025-26 के बड़े आंकड़े
249 रिपोर्ट में 39 रिपोर्ट केंद्र सरकार से जुड़ी हैं और 210 रिपोर्ट राज्यों से जुड़ी हैं। इस साल कुल 214 रिपोर्ट संसद और विधानसभाओं में पेश की गईं, जबकि पिछले साल यह संख्या 157 थी। इन रिपोर्ट में कुल 3,742 सिफारिशें दी गईं, जो पिछले साल की 2,706 सिफारिशों से काफी ज्यादा हैं। CAG की रिपोर्ट का नाम CAG: Adding Value to Public Governance 2025-26 है और इसे राष्ट्रपति को सौंपा गया है।
सबसे बड़ी वसूली और बड़े मामले
इस साल की सबसे बड़ी वसूली ₹3,389 करोड़ की रही, जो बैंकों और गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के इनकम टैक्स पुनर्मूल्यांकन से जुड़ी थी। ओडिशा में लौह अयस्क के कम मूल्यांकन से ₹10,294.24 करोड़ के राजस्व नुकसान का मामला भी ऑडिट में सामने आया। KALIA योजना में ₹890 करोड़ का भुगतान गलत लाभार्थियों और गलत खातों में होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कई बड़े मामलों में वसूली की रकम ऑडिट में बताई गई रकम से कम रही। यानी ऑडिट से गड़बड़ी पकड़ी गई, लेकिन पूरी रकम वापस नहीं आ पाई।
डेटा और AI से बदल रहा है ऑडिट का तरीका
CAG ने बताया कि अब डेटा आधारित ऑडिट उसका सामान्य तरीका बन गया है। हाल के सालों में कम से कम 21 ऑडिट रिपोर्ट डेटा एनालिटिक्स, जियो स्पेशल टूल और AI की मदद से तैयार की गईं। 13 मामलों में तो पूरे डेटाबेस का ही विश्लेषण किया गया। फेस मैचिंग, सैटेलाइट तस्वीरों पर मशीन लर्निंग, ड्रोन सर्वे और पूरे डेटाबेस के विश्लेषण जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। GST ऑडिट में 2024-25 से GST नेटवर्क से सीधे डेटा लिया जा रहा है और केंद्र के 9 और राज्यों के 31 GST ऑडिट दफ्तर एक ही तरीके से काम कर रहे हैं। 2025-26 से डेटा आधारित रिमोट और हाइब्रिड ऑडिट भी सामान्य प्रक्रिया बन गई है।

स्थानीय निकायों और संस्थाओं पर भी फोकस
CAG ने 2025-26 में 1,060 शहरी स्थानीय निकायों के वित्तीय विवरण और ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा की। इससे वित्तीय पारदर्शिता में सुधार के बड़े क्षेत्र सामने आए। नेशनल म्युनिसिपल अकाउंट्स मैनुअल का नया संस्करण इस वित्तीय साल के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है। नागरिकों के नजरिए से जीवन की सुगमता पर 101 शहरों के लिए तीन साल की परफॉर्मेंस ऑडिट योजना भी चल रही है। स्वायत्त संस्थाओं में खातों और आंतरिक नियंत्रण को मजबूत करने के लिए CAG ने रिस्क कंट्रोल मैच्योरिटी स्कोरकार्ड बनाया है। इसे 2026-27 में 66 केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों में लागू किया जाएगा और बाद में स्वास्थ्य क्षेत्र, IIM और IIT तक बढ़ाया जाएगा।

CAG की नई रणनीति क्या है
CAG के स्ट्रैटेजिक प्लान 2023-30 का लक्ष्य है कि CAG फैसलों के समय के करीब और पहले ही काम करे। सिर्फ ऑडिट रिपोर्ट के अलावा अब मैनेजमेंट लेटर, विभागीय नोट और अध्ययन रिपोर्ट भी दी जाएंगी, ताकि प्रबंधन को काम करने के लिए साफ जानकारी मिले। क्षमता बढ़ाने के लिए 468 अधिकारी IIT मद्रास में नौ महीने के कोर्स पर हैं और 250 अधिकारियों को IIT दिल्ली में प्रशिक्षण दिया गया है। IIT मद्रास के साथ CAG ऑडिट LLM प्लेटफॉर्म भी बनाए जा रहे हैं। कई मंत्रालयों और राज्यों से जुड़े विषयों पर अब इंटीग्रेटेड ऑडिट हो रहा है। मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स के ऑडिट में रेलवे, सड़क, बंदरगाह, कॉनकॉर और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को एक ही चेन के तौर पर देखा गया है।
CAG की यह रिपोर्ट बताती है कि ऑडिट अब सिर्फ कागजों की जांच नहीं रहा, बल्कि डेटा और तकनीक से सरकारी खर्च पर नजर रखने का बड़ा हथियार बन गया है। संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसमें परिसीमन बिल पेश किया जाएगा।


Leave a Reply